बैजनाथ (कांगड़ा)। सावन माह के तीसरे सोमवार को शिव मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए सुबह 3:00 बजे खुल जाएंगे। तीसरे मेले के लिए मंदिर न्यास ने सभी तैयारियों को पूरा कर लिया और मंदिर में वाटर प्रूफ टेंट की स्थापना के साथ-साथ मंदिर के अंदर के भाग को फूलों से सुसज्जित किया गया है।
मंदिर में सुरक्षा प्रबंधों के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा और किसी भी व्यक्ति को अंदर गर्भ गृह में जाने की अनुमति नहीं होगी। रविवार को भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए खीर गंगा घाट के समीप पानी के जलस्तर के बहाव को देखते हुए ही श्रद्धालु घाट में स्नान कर सकेंगे। मंदिर के बाहर सुबह 3:00 बजे से ही श्रद्धालुओं के लिए चाय पान की सुविधा उपलब्ध रहेगी। मंदिर के समीप स्थित प्राथमिक स्कूल में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। एसडीएम सलीम आजम ने लोगों से घाट के समीप न जाने का आग्रह किया है।