धर्मशाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, लेकिन इस बार भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रधानमंत्री से मिलने की हसरत शायद अधूरी रह जाए। मोदी के इस दौरे के दौरान एयरपोर्ट के भीतर और बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी और हिमाचल पुलिस के अधिकारियों ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती से कवर किया है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
गगल एयरपोर्ट पर होने वाली समीक्षा बैठक में केवल चयनित लोग ही शामिल हो सकेंगे, जिससे आम भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री से मिलने का मौका नहीं मिलेगा। वहीं प्रधानमंत्री यहां एयरपोर्ट पर विशेष विमान से आएंगे और बैठक के बाद विमान से वापस चले जाएंगे। वह सड़क से यात्रा नहीं करेंगे, जिसके चलते सब लोगों को उनके दर्शन भी नहीं हो पाएंगे। हालांकि, चुनावी रैलियों में प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर कार्यकर्ताओं को मिलता है लेकिन इस बार यह संभावना काफी कम है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं की उम्मीदें खासी प्रभावित हो सकती हैं, क्योंकि वे प्रधानमंत्री से मिलने का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बावजूद कांगड़ा में एक बार फिर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत करने का उत्साह देखने को मिलेगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा वीर बहादुर ने कहा कि पीएमओ और एसपीजी की ओर से तैयार की गई सूची में शामिल लोग ही प्रधानमंत्री से मिल सकेंगे।