बैजनाथ (कांगड़ा)। प्रदेश की सबसे बड़ी नगर पंचायत में शामिल बैजनाथ-पपरोला नगर पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की कुर्सी का निर्णय बुधवार को होगा। नपं अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है और इसके लिए तीन महिला पार्षद कांता देवी, आशा भाटिया और रीतू के नाम सामने आ रहे हैं। फरवरी में नपं की अध्यक्ष कांता देवी और उपाध्यक्ष वेदना के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले छह पार्षद अनीता सूद, रीतू, आशा, राजेश, अमित कपूर और राजन चौधरी अब तक एकजुट नजर आ रहे हैं।
6 जुलाई को भी अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पार्षदों ने एकजुटता का परिचय देते हुए तहसीलदार रमन ठाकुर के सामने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई थी। जबकि पांच अन्य पार्षद कांता, वेदना, चंपा, मुकेश और विनोद ने इस चुनाव से दूरी बनाए रखी थी। अब आज किसी भी प्रकार के कोरम की जरूरत नहीं होगी और इन 6 पार्षदों के इकट्ठा रहने पर इनमें से ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद का निर्णय होने की उम्मीद की जा रही है। इस गुट में रीतू और आशा दोनों महिला पार्षद अनुसूचित जाति से संबंधित हैं और इनमें से एक के अध्यक्ष बनने की उम्मीद हैं, जबकि उपाध्यक्ष पद पर इस गुट के पुरुष पार्षद अमित कपूर, राजेश और राजन में से एक काबिज हो सकता है। क्रॉस वोटिंग होने पर ही कांता एक बार फिर अध्यक्ष बन सकेंगी। विधायक के तौर पर मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल का भी अपना मत है, लेकिन उनके इस चुनाव में भाग लेने की उम्मीद कम है। उधर, तहसीलदार रमन ठाकुर ने बताया कि आज 11 बजे सभी पार्षदों को आमंत्रित किया गया है और इसमें कोरम की जरूरत नहीं होगी।