सरकार के फैसले से विद्यार्थियों, अभिभावकों को लगा झटका
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर (कांगड़ा)। शिक्षा विभाग ने नूरपुर के ऐतिहासिक ब्रिटिशकालीन बॉय सीनियर सेकेंडरी स्कूल को सीबीएसई संबद्ध बीटीसी गर्ल्स स्कूल में मर्ज करने का फैसला वापस ले लिया है। लेकिन साथ ही स्कूल का दर्जा घटाकर हाई स्कूल (सह-शिक्षा) कर दिया है। इस नए निर्णय से विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों को बड़ा झटका लगा है।
जारी अधिसूचना के अनुसार अब यह स्कूल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधीन ही रहेगा, लेकिन यहां केवल पहली से दसवीं कक्षा तक ही पढ़ाई होगी। लड़कों के साथ अब लड़कियां भी इसी स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी। वहीं 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए या तो सीबीएसई संबद्ध बीटीसी स्कूल या फिर अन्य सरकारी स्कूलों का रुख करना पड़ेगा।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक अजय महाजन ने हाल ही में स्कूल का दर्जा यथावत बहाल करने का भरोसा दिलाया था। इसके बावजूद दर्जा घटाने के फैसले से लोगों में नाराजगी है।
स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान राजिंद्र कुमार, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा, पूर्व पार्षद प्रवेश मेहरा, करनैल सिंह, व्यापार मंडल प्रधान अश्वनी सूरी और समाजसेवी जगरेल राणा सहित कई लोगों ने इस निर्णय पर हैरानी जताई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि बॉय स्कूल को दोबारा सीनियर सेकेंडरी का दर्जा बहाल किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही पढ़ाई का विकल्प मिल सके और इस ऐतिहासिक संस्थान की पहचान भी बरकरार रह सके।