ज्वालामुखी (कांगड़ा)। उपमंडल ज्वालामुखी के अंतर्गत ज्वालामुखी-नादौन मार्ग पर स्थित ठेहड़ा में शिमला-मटौर फोरलेन के तहत बनाई जा रही पुली का निर्माण कार्य बीते छह माह से अधूरा पड़ा है। इस वजह से पहले से चल रहे मार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं। जिससे स्थानीय लोगों, स्कूली छात्रों और वाहन चालकों को पुराने मार्ग पर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगभग 300 मीटर के इस सड़क की हालत बेहद खराब है और जगह-जगह एक-एक फीट गहरे गड्ढे बन चुके हैं।
इन खड्डों के चलते आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, खासकर रात्रि के समय जब यहां अंधेरा पसरा होता है और कोई चेतावनी बोर्ड अथवा प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध नहीं होती। न तो ठेकेदार की ओर से कोई सुरक्षा के उपाय किए गए हैं और न ही प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई देखने को मिली है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के गड्ढों को तुरंत भरा जाए, पुली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए और रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए प्रकाश की व्यवस्था की जाए, ताकि आमजन सुरक्षित आवागमन कर सकें।
लोगों के बयान...
- छह महीने से पुली का काम अधूरा है। सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि हर दिन कोई न कोई गिरता है। विभाग जल्द संज्ञान ले और सड़क की टारिंग करके चलने लायक बनाया जाए। - विपिन कुमार, स्थानीय निवासी
- स्कूल बच्चे रोज इसी रास्ते से स्कूल आते हैं। डर लगता है कि कहीं कोई दुर्घटना न हो। सरकार और प्रशासन को इस समस्या की ओर ध्यान देना चाहिए। - विनोद कुमार, स्थानीय निवासी
- इस स्थान पर लाइटों की व्यवस्था न होने के कारण रात को कुछ दिखता नहीं और अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। -
अश्वनी डोगरा, स्थानीय निवासी
- इस समस्या के बारे में कई बार ठेकेदार को कहा गया, लेकिन आज तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। सड़क ठीक करने के लिए ठेकेदार किसी हादसे का इंतजार कर रहा है।- मानव शर्मा, स्थानीय निवासी
- बुजुर्गों के लिए तो यह रास्ता बिल्कुल जानलेवा बन गया है। अगर समय रहते कुछ नहीं किया गया तो अनहोनी हो सकती है, जिसकी सारी जिम्मेवारी विभाग और प्रशासन की होगी। - विनोद ठाकुर, स्थानीय निवासी
संबंधित विभाग और ठेकेदारों को निर्देश दिए जाएंगे कि जल्द सड़क का सुधार किया जाए, ताकि लोगों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े और न कोई हादसा हो।
डॉ. संजीव शर्मा, एसडीएम ज्वालामुखी