सुरड़वा में डूबे किशोर का शव मिलने के बाद मौके पर पहुंचे विधायक मलेंद्र राजन और एसडीएम इंदौरा स
इंदौरा (कांगड़ा)। उपमंडल इंदौरा के तहत ब्यास नदी में डूबे 17 वर्षीय किशोर कृष का शव बुधवार को चौथे दिन बरामद हो गया है। एनडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन के दौरान किशोर का शव मंढ मियानी पुल के पास एक पेड़ में फंसा हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बैसाखी के पर्व पर फतेहपुर के भाटी डंगवालियां निवासी कृष पुत्र रणजीत सिंह अपने परिजनों के साथ सुरड़वां में नदी किनारे पूजा करने गया था। पूजा के बाद नहाने की इच्छा जताकर वह नदी में उतरा, लेकिन पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से लापता हो गया था। घटना के बाद से ही प्रशासन लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा था। बुधवार को शव बरामदगी के समय विधायक मलेंद्र राजन भी मौके पर मौजूद रहे।
एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर और तहसीलदार अपूर्व शर्मा की उपस्थिति में प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 25,000 रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की। कुल चार लाख रुपये का मुआवजा स्वीकृत किया गया है, जिसकी शेष 3.75 लाख रुपये की राशि जल्द ही परिजनों को सौंप दी जाएगी। प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि वे उत्सवों के दौरान नदी-नालों के पास जाने से बचें और गहरे पानी में न उतरें।