पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। उपमंडल देहरा के घियोरी निवासी 45 वर्षीय शशि कपूर उर्फ बब्बू का शव सोमवार सुबह ढलियारा खड्ड के पास झाड़ियों में मिला। वह पांच दिन से लापता थे। देहरा पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शव बुरी तरह से सड़-गल गया था।
पुलिस के अनुसार शशि कपूर के बेटे आयुष ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके पिता 14 अक्तूबर को शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच ढलियारा बाजार से लापता हो गए थे। इसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी। सोमवार सुबह स्थानीय लोग और पुलिस टीम तलाश करते हुए ढलियारा खड्ड के पास पहुंची। इस दौरान झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर जांच की गई तो वहां एक व्यक्ति का शव मिला। परिजनों और पंचायत प्रधान की पहचान के बाद शव शशि कपूर उर्फ बब्बू का होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने शव के आसपास पड़ी कुछ वस्तुओं को भी कब्जे में लिया। एएसपी देहरा नवदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।