डमटाल (कांगड़ा)। दो दिवसीय इंदौरा उत्सव का विधिवत शुभारंभ वीरवार को नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी), आवास, तकनीकी शिक्षा, वोकेशनल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने ऐतिहासिक काठगढ़ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ किया। उत्सव के पहले दिन पहाड़ी एवं पंजाबी गीतों पर दर्शकों ने खूब ठुमके लगाए। इस दौरान पंजाबी गायक गुरनाम भुल्लर की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। उन्होंने रोका, बेलिया, डायमंड, सोल्डर, तेरे नाल मैं जचदी... आदि गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इससे पूर्व स्थानीय कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने मुख्य अतिथि का शॉल, टोपी एवं स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, पूर्व विधायक अजय महाजन और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष विशाल चंबियाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि उत्सवों के बिना जीवन नीरस और अधूरा होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से चिट्टे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान निरंतर प्रभावी हो रहा है। विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि इंदौरा उत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, महिला सशक्तीकरण और क्षेत्रीय एकता का सशक्त माध्यम है। इससे पहले तकनीकी शिक्षा मंत्री ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाली गई जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडलों एवं विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। वहीं इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ भी किया।