पधर (मंडी )। उपमंडल पधर की ग्राम पंचायत सियून के डायनापार्क खेल मैदान में आयोजित शहीद अजय मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में एशियन डाइनामाइट की टीम विजेता रही, जबकि देवभूमि डायनामाइट उत्तराखंड उपविजेता बनी। समापन समारोह में द्रंग के पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने अपनी ओर से 41 हजार रुपये की राशि प्रदान की।
जवाहर ठाकुर ने शहीद अजय कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह देश सेवा करते हुए नौ अगस्त 2016 को जबलपुर में शहीद हुए थे। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में खेल मैदान को बेहतर बनाया जाएगा। इस अवसर पर बलिदानी अजय कुमार के परिजन, बीडीसी सदस्य कुन्नू रूप लाल ठाकुर, ग्राम पंचायत चुक्कू की प्रधान चंद्रकांता, टांडू पंचायत के पूर्व प्रधान शुभम शर्मा, पूर्व उपप्रधान जय सिंह राणा और जीतू ठाकुर आदि मौजूद रहे।