गगल (कांगड़ा)। स्थानीय पुलिस थाना के अंतर्गत चैतडू में मारपीट के बाद युवक की मौत के मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। गिरफ्तार आरोपी सरवन कुमार निवासी चैतडू को न्यायालय में पेश किया था। पुलिस रिमांड पर लेकर आरोपी से मामले के झगड़े के शुरू होने संबंधी बिंदुओं पर पूछताछ करेगी। शनिवार को चैतडू में स्थानीय निवासियों अजय कुमार और सरवन कुमार की किसी बात को लेकर बहसबाजी हुई थी, जो मारपीट में बदल गई। इसी दौरान सरवन कुमार ने अजय की पिटाई कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल अवस्था में अजय को धर्मशाला अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया था। टीएमसी में उपचार के दौरान अजय की मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपी सरवन कुमार को लड़ाई-झगड़े के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अजय की मौत के बाद हत्या की धारा भी जोड़ी है।
उधर, पुलिस थाना प्रभारी ऊधम सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपी को न्यायालय ने तीन दिन पुलिस रिमांड पर भेजा है। मामले में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। संवाद