धर्मशाला में भारत-अफगानिस्तान वनडे मैच में तिरंगा लहराते हुए महेंद्र सिंह धोनी के फैन बाबू राम।
धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला ने शनिवार को एक बार फिर अपनी विश्वस्तरीय सुविधाओं और बेहतरीन संचालन क्षमता का प्रदर्शन किया। रातभर और शनिवार दोपहर बाद तक हुई भारी बारिश के बावजूद भारत-अफगानिस्तान के बीच एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला बारिश थमने के महज आधे घंटे बाद शुरू हो गया।
बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने बेल बजाकर मैच का विधिवत शुभारंभ किया। मैच से पहले लगातार हो रही बारिश के कारण मुकाबले के आयोजन को लेकर आशंकाएं जताई जा रही थीं, लेकिन स्थानीय देवता इंद्रू नाग के आशीर्वाद और एचपीसीए की तैयारियों ने सभी चिंताओं को दूर कर दिया।
अत्याधुनिक तकनीक और समर्पित ग्राउंड स्टाफ की बदौलत मैदान को बेहद कम समय में खेलने योग्य बना दिया गया। तेजी से बदलते मौसम वाले पहाड़ी क्षेत्र के लिहाज से स्टेडियम का रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। यहां अब तक खेले गए 26 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में से 22 सफलतापूर्वक पूरे हुए हैं, जबकि 19 आईपीएल मैचों में से 18 में परिणाम निकला है।
स्टेडियम में स्थापित अत्याधुनिक एसआईएस टर्फ मैनेजमेंट सिस्टम, सब-सर्फेस ड्रेनेज नेटवर्क और सुपर सॉपर मशीनों की मदद से ग्राउंड स्टाफ ने भीगे मैदान को रिकॉर्ड समय में तैयार किया। इस दौरान भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर और अर्शदीप सिंह समेत कई स्टार खिलाड़ियों को देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा।