बाईपास स्थित कांगड़ा में माैजूद श्री बज्रेश्वरी मंदिर न्यास गौशाला की हालत। स्त्राेत-संवाद।
कांगड़ा। बाईपास स्थित श्री बज्रेश्वरी मंदिर न्यास गोशाला के कायाकल्प के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए कांगड़ा के एसडीएम ने लाेक निर्माण विभाग काे एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। श्री बज्रेश्वरी सदन गोशाला का लगभग साढ़े आठ लाख रुपये से कायाकल्प किया जाएगा। गोशाला में शेडों के अंदर और बाहर कंक्रीट बिछाई जाएगी। माैजूदा समय में गोशाला में लगभग 90 से 95 मवेशी रखे गए हैं। उनके शेडों की कंक्रीट उखड़ चुकी है। गोशाला की इमारताें और अन्य सुविधाओं की मरम्मत का कार्य भी किया जाना है। गोशाला के लिए कांगड़ा शहर और बज्रेश्वरी मंदिर परिसर में अगल से गाेलक रखी गई है। इसके अलावा शहर में श्री बज्रेश्वरी मंदिर न्यास गोशाला की ओर से दुकानाें में गाेलकें रखी गई हैं। इस पैसे से मवेशियाें की सुविधाओं का ध्यान रखा जाता है। एसडीएम इशांत जसवाल ने कहा कि लाेक निर्माण विभाग काे एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।