गुलेर/शिमला। जिला शिमला में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत के बाद टीमेट हरविंद्र (30) का बुधवार को उनके पैतृक गांव देहरा के दलीपुर अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, शिमला पुलिस ने हरविंद्र के पिता रविंद्र कुमार की शिकायत पर बिजली बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। गत मंगलवार को जिला शिमला के धामी के 16 मील में हरविंद्र को बिजली के खंभे पर काम करते समय करंट लग गया था, इससे उसकी जान चली गई थी। शिमला पुलिस अब मामले की जांच में बिजली बोर्ड से टीमेट के कार्यक्षेत्र और अन्य जानकारियों का रिकॉर्ड तलब करेगी। धामी के सोलह मील में बिजली के खंभे में काम करते समय करंट लग गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें फौरन धामी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन यहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।