बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के बंडीया खोपा पंचायत से संबंध रखने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी शिवानी देवी के विवाह में उसके गुरुजन सहयोग की मिसाल बने। शिवानी देवी ने अपनी जमा दो की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कृष्ण नगर से उत्तीर्ण की है।
हाल ही में जब उसकी शादी तय हुई तो सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण विवाह संबंधी खर्च की चिंता उसे सताने लगी। इस स्थिति में शिवानी ने अपने शिक्षकों से सहायता का आग्रह किया। वर्तमान में कृष्ण नगर स्कूल में इतिहास विषय के प्रवक्ता अनिल राणा, इसी विद्यालय से सेवानिवृत्त हिंदी प्रवक्ता एवं लेखक अनुज आचार्य (पपरोला) और सरवन कुमार ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सहयोग के लिए हाथ बढ़ाया।
शुक्रवार को अनुज आचार्य ने अपनी बेटी और दामाद शुभम शर्मा और आयुषी के साथ मिलकर 31 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। वहीं, अनिल राणा ने 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी, जबकि उनके ससुर जगदीश चंद गुलेरिया ने 21 हजार रुपये नकद भेंट किए। इसके अतिरिक्त सरवन कुमार ने 15 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। जिला परिषद सदस्य अनिल कटोच और बंडीया पंचायत के पूर्व प्रधान तिलक राज डोगरा की उपस्थिति में सभी सहयोगी शिक्षकों ने शिवानी के घर जाकर कुल एक लाख सात हजार रुपये की नकद एवं चेक राशि भेंट की। शिक्षकों के इस सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी का विवाह सम्मानपूर्वक और धूमधाम से संपन्न होने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
गुरुजनों की यह पहल न केवल सामाजिक संवेदनशीलता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि शिक्षक केवल कक्षा तक सीमित नहीं होते, बल्कि जीवन के कठिन क्षणों में भी अपने विद्यार्थियों के साथ खड़े रहते हैं।