धर्मशाला। जिला कांगड़ा में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सितंबर माह में भी टीबी जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिला टीबी उन्मूलन टीम द्वारा कुल 24 स्थानों पर ये शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्सरे मशीन से लोगों की छाती की जांच की जाएगी। किसी में लक्षण पाए जाने पर आगे की जांच से टीबी की पुष्टि की जाएगी।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश सूद ने बताया कि 2 सितंबर को बसनूर (शाहपुर) और द्रोणाचार्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग योल (नगरोटा बगवां) में शिविर होंगे। इसके बाद 3 को शाहपुर की पुलिस बटालियन सकोह, 4 को बरांडा (नूरपुर), 6 को महाकाल मंदिर, 8 को पीएचसी बगली, 10 को जसूर (नूरपुर), 11-12 को केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा, 13 को महाकाल मंदिर और 15 को मलां (नगरोटा बगवां) में शिविर होंगे।
इसी क्रम में 16 को बकरवां (इंदौरा), 17 को बालकरुपी (थुरल), 18-19 को केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला, 20 को तलबाड़ (थुरल), 21 को आनलोहाना (गोपालपुर), 22 को आईटीआई गढ़ (भवारना), 24 को पीएचसी बनियारा (गोपालपुर), 25 को मस्तगढ़ (नगरोटा सूरियां), 26 को सियूणी (नगरोटा सूरियां), 27 को हलेरकलां (तियारा) और 29 को सीएचसी रे व राजा का तालाब (फतेहपुर) में जांच शिविर होंगे।
डॉ. सूद ने लोगों से अपील की है कि वे शिविरों में बढ़-चढ़कर अपनी जांच करवाएं ताकि टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाया जा सके।