धर्मशाला में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू से मिलते व्यावसायिक वाहन ऑपरेटर और टैक्सी चालक। -स्र
धर्मशाला। व्यावसायिक वाहन संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष विक्की पठानिया के नेतृत्व में मंगलवार को परिधि गृह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिला। इस दौरान समिति ने प्रदेश सरकार द्वारा मैनुअल आधार पर वाहनों की पासिंग सुविधा फिर से शुरू करने के फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष मांग उठाई कि मैनुअल पासिंग की यह सुविधा जल्द से जल्द नगरोटा बगवां और कांगड़ा में भी शुरू की जाए। समिति के सदस्यों ने बताया कि पूर्व में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) के विरोध में चक्काजाम और व्यापक आंदोलन किया गया था। उस समय प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
अब मैनुअल पासिंग शुरू होने से हजारों वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार टैक्सी ऑपरेटरों और व्यावसायिक वाहन चालकों के हितों के प्रति संवेदनशील है। टैक्सी ऑपरेटरों को पेश आ रही अन्य समस्याओं पर भी धीरे-धीरे विचार किया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से उनका समाधान निकाला जाएगा, ताकि किसी को असुविधा न हो। इस अवसर पर समिति के कई अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।