फतेहपुर (कांगड़ा)। तहसील कार्यालय फतेहपुर में मंगलवार को कामकाज का तरीका कुछ अलग था। तहसीलदार की कुर्सी पर पवन ठाकुर नहीं, बल्कि कार्यालय में कार्यरत सफाई कर्मचारी महिला की बेटी बैठी थीं। तहसीलदार पवन ठाकुर ने बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए फतेहपुर स्कूल की नौवीं कक्षा की छात्रा अक्षरा को कुछ समय के लिए अपनी कुर्सी दे दी।
अक्षरा कुछ समय के लिए तहसीलदार की कुर्सी पर बैठी और प्रशासनिक कामकाज का हिस्सा बनीं। इस दौरान अक्षरा ने बताया कि माता-पिता ने हमेशा उसे पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। आज उनकी प्रेरणा से ही एक दिन की तहसीलदार बनकर इस ओहदे की कार्यशैली को जानकर बेहद खुशी हो रही हैं।
यह मेरे लिए बेहद गौरवान्वित और रोमांचित करने वाला रहा। वहीं तहसीलदार फतेहपुर पवन ठाकुर ने बताया कि मेरी इच्छा है कि बेटियों को आगे बढ़ने व प्रगति के पथ की ओर ले जाने के लिए प्रेरणादायक माहौल बनाया जाए। इसी कड़ी में छोटा सा प्रयास किया है, जिससे अन्य बेटियां भी सुशिक्षित और उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर हो सकें। इसको लेकर अक्षरा की मां निशा देवी ने बताया कि बेटी को एक दिन के लिए तहसीलदार बना देख काफी खुशी हुई। मैं चाहती हूं कि अक्षरा भविष्य में प्रशासनिक अधिकारी बन अपनी सेवाएं दे।