सुरेश को चुना प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति का अध्यक्ष
समिति की 15 दिन में होगी बैठक, सरकार को सौंपेंगे मांग पत्र
महंगाई भत्ते की दोनों किस्तें 15 अगस्त को जारी करे सरकार : ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। प्रदेश के विभिन्न संगठनों ने हिमाचल पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति का गठन किया है। इसमें प्रदेश पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के राज्य अध्यक्ष सुरेश ठाकुर को समिति का सर्वसम्मति से प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही इंद्रपाल शर्मा को महासचिव चुना है। सुरेश ठाकुर ने बताया कि हमीरपुर में 11 संघों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इसमें संघर्ष समिति का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि बैठक में निर्णय लिया कि एक माह के भीतर प्रदेश के सभी संगठनों के राज्य प्रधान और महासचिव को सदस्य बनाकर संयुक्त संघर्ष समिति की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।
साथ ही 15 दिन के भीतर समिति की बैठक कर प्रदेश सरकार को मांग पत्र सौंपा जाएगा। इसके अलावा बैठक में जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के मध्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों के वित्तीय लाभ, जिसमें ग्रैच्युटी, कम्युटेशन, लीव इनकैशमेंट की मांगों पर चर्चा की गई। इसके अलावा महंगाई भत्ते की 13 फीसदी और 110 माह के महंगाई भत्ते की बकाया राशि, लंबित चिकित्सा बिलों की अदायगी के लिए विशेष अनुदान राशि को सभी विभागों को जारी करने सहित एचआरटीसी, बिजली बोर्ड, कारपोरेट सेक्टर के वित्तीय लाभ की अदायगी पर विचार विमर्श किया गया। संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि महंगाई भत्ते की दोनों किस्तें 15 अगस्त को एक साथ जारी करें। इस दौरान संयोजक घनश्याम शर्मा, पुरुषोत्तम ठाकुर, भूप राम वर्मा, रविंद्र राणा, हिम्मत राम शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।