धर्मशाला। जिला कांगड़ा के नूरपुर और नगरोटा-बंगवा के गोदामों में शनिवार को रिफाइंड तेल की सप्लाई पहुंच गई है। जिले में आठ माह के बाद रिफाइंड की सप्लाई आने के बाद अब उचित मूल्यों की दुकानों के उपभोक्ताओं को बाजार से रिफाइंड खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिला खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से जिले के डिपुओं में जल्द रिफाइंड की सप्लाई पहुंचा दी जाएगी।
खाद्य आपूर्ति निगम कांगड़ा की ओर से जिले में 1.50 लाख लीटर के रिफाइंड की मांग शिमला भेजी थी। जिलेभर में निगम के 20 के करीब गोदाम हैं। नूरपुर के गोदाम में 500 रिफाइंड की पेट्टियों में लगभग 6,000 लीटर की सप्लाई पहुंची है। वहीं, नगरोटा-बगवां के गोदाम में अभी गाड़ी पहुंची है जिसे खोला नहीं गया है। इसके अलावा अन्य गोदामों में भी जल्द रिफाइंड की सप्लाई पहुंच जाएगी। इसके बाद उपभोक्ताओं को बाजार से महंगे दामों पर रिफाइंड खरीदने से राहत मिलेगी। कांगड़ा में 4.75 लाख के करीब राशन कार्ड हैं, इन राशन कार्डों के माध्यम से जिले की लगभग 1.78 जनसंख्या उचित मूल्यों की दुकानों से राशन खरीदती है।
जिले के नूरपुर के गोदाम में 6,000 लीटर रिफाइंड की सप्लाई पहुंची है। वहीं नगरोटा-बगवां में भी रिफाइंड की गाड़ी पहुंच गई है। अब जल्द जिले के डिपुओं में उपभोक्ताओं को रिफाइंड मिलना शुरू हो जाएगा।
-निशिकांत, क्षेत्रीय प्रबंधक, खाद्य आपूर्ति निगम कांगड़ा-चंबा