धर्मशाला। पुलिस थाना शाहपुर के तहत सारनू में 15 अक्तूबर को जीप सवार रामदास उर्फ रामू निवासी बैजनाथ और राकेश उर्फ सोनू निवासी खलेट तहसील पालमपुर से बरामद चिट्टा (हेरोइन) और नकदी मामले में मुख्य आरोपी को अमृतसर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 20 अक्तूबर को मुख्य सप्लायर जगरूप सिंह उर्फ मकसूद निवासी बोपा राय तहसील अजनाला जिला अमृतसर को गिरफ्तार किया। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि 15 अक्तूबर को रामदास और राकेश से 50 ग्राम चिट्टा और 34 हजार रुपये की नकदी बरामद की थी। आरोपियों से पूछताछ के दौरान अमृतसर के सप्लायर जगरूप से इसे खरीदने की बात सामने आई थी। इस पर विशेष टीम गठित कर अमृतसर में आरोपी को पकड़ने के लिए भेजी थी। टीम आरोपी को अमृतसर से गिरफ्तार कर शाहपुर लेकर आई है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद