बैजनाथ में मिड डे मील के तहत खंड स्तरीय खाना पकाने की प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागी।
बैजनाथ (कांगड़ा)। मिड-डे मील के तहत खंड स्तरीय खाना पकाने की प्रतियोगिता का आयोजन मिनी सचिवालय में किया गया। प्रतियोगिता में 10 स्कूलों की मिड-डे मील कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध करवाना और कार्यकर्ताओं में खाना पकाने की विधियों एवं प्रस्तुतिकरण में उत्कृष्टता लाना रहा।
प्रतिभागियों ने राजमा, सफेद चने, दाल चना माह, कढ़ी पकौड़ा, पंचरत्नी दाल, खट्टा काले चने, सांभर, आलू न्यूट्री, जीरा चावल, खीर एवं मीठे चावल जैसे व्यंजन तैयार किए। इनको निर्णायक मंडल ने परखा। कार्यक्रम में मुनीष आनंद मुख्य अध्यापक एवं प्राथमिक स्कूल फेडरेशन के अध्यक्ष बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। मुनीष कुमार ने बताया कि खंड स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने से पूर्व मिड-डे मील कार्यकर्ताओं की ओर से बनाए गए भोजन की विद्यालय स्तर पर जांच की गई। जांच के दौरान निर्धारित मापदंडों के आधार पर योग्य पाए गए प्रतिभागियों का ही चयन खंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले वर्करों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक स्कूल कुंसल से सुमन कुमारी ने प्रथम स्थान, राजकीय प्राथमिक विद्यालय उतराला से चंपा देवी ने द्वितीय तथा राजकीय प्राथमिक स्कूल धानग से गुड्डी देवी ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद, खंड प्राथमिक शिक्षा के अधीक्षक विनय मेहता, संजीव राणा, रमेश चंद, मीना कुमारी, वीना देवी, दिनेश सूद, मुनीष कुमार, दीपक चौहान, तेजेंद्र कपूर आदि उपस्थित रहे।