चंबा। स्वर्ण जयंती मिडल मेरिट स्कॉलरशिप योजना के तहत आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए विद्यार्थी अब 28 फरवरी तक आवेदन कर सकेंगे। इस संदर्भ में एससीईआरटी की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आवेदन करने में छूटे अभ्यर्थियों को संबंधित केंद्रीय मुख्य शिक्षक के पास अपना आवेदन देना होगा। इसके बाद खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से इसे ऑनलाइन किया जाएगा। एससीईआरटी की ओर से तिथि बढ़ाने का मकसद परीक्षा बच्चों की ज्यादा से ज्यादा संख्या में उपस्थिति बनाना है जिससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिल सके। जानकारी के अनुसार यह परीक्षा पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाती है। यह परीक्षा दो चरणों में होती है। जिला स्तर पर टॉप 12 विद्यार्थियों को तीन साल के लिए स्कॉलरशिप की व्यवस्था है। छठी कक्षा में चार हजार रुपये, सातवीं में पांच और आठवीं कक्षा में छह हजार रुपये स्कॉलरशिप चयनित विद्यार्थियों को मिलेगी। गौरतलब है कि इस बार यह परीक्षा मार्च के बजाय अप्रैल में आयोजित होगी। एससीईआरटी की ओर से यह निर्णय प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में गत वर्ष खराब मौसम के चलते रद्द हुई परीक्षा को लेकर लिया गया है। बहरहाल, अप्रैल में मौसम सामान्य होने पर प्रदेश के हरेक परीक्षा केंद्र में यह परीक्षा आयोजित की जा सकेगी।
कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा विकास महाजन ने बताया कि 28 फरवरी तक विद्यार्थी ऑफलाइन आवेदन कर सकते है। एससीईआरटी की ओर से इस तिथि को बढ़ा दिया गया है।