धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र खनियारा में बुधवार को विद्यार्थियों ने मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर परिसर में धरना प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से यहां पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों को आधारभूत संरचना, स्वच्छ शौचालय और साफ-सुथरा वातावरण मिलना चाहिए, लेकिन हालात इसके उलट हैं।
इकाई अध्यक्ष अमित ठाकुर ने कहा कि खनियारा मोहली विश्वविद्यालय प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा कैंपस माना जाता है, लेकिन यहां प्रवेश द्वार जर्जर हालत में है और शौचालयों में गंदगी रहती है। ऐसी स्थिति में छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एबीवीपी ने विश्वविद्यालय प्रशासन से कैंपस में अन्य सुविधाओं को दुरुस्त करने और जल्द से जल्द हॉस्टल निर्माण करवाने की भी मांग उठाई। संवाद