राजा का तालाब (कांगड़ा)। वजीर राम सिंह महाविद्यालय देहरी में एनएसयूआई की ओर से नए विद्यार्थियों के लिए भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इसमें राज्य योजना बोर्ड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर के विधायक भवानी सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महाविद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों और कॉलेज प्रशासन ने उनका भव्य स्वागत कर शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर विधायक ने विद्यार्थियों से खुलकर सवाल पूछने को कहा। इसके बाद युवाओं ने 1500 रुपये प्रतिमाह, बेरोजगारी, चिट्टे के नशे और अवैध खनन जैसे तीखे मुद्दे उठाए। इन सभी प्रश्नों का विधायक ने मंच से सीधा जवाब दिया।
नशे पर उन्होंने कहा कि सरकार जीरो-टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। फतेहपुर ऐसा पहला क्षेत्र है जहां नशे संबंधी मामलों में शामिल लोगों के घर तक कार्रवाई हुई। अवैध खनन पर उन्होंने बताया कि सरकार ने नियमों को और कड़ा करते हुए जमीन मालिक तक पर एफआईआर के प्रावधान लागू किए हैं। विधायक ने कहा कि विद्यार्थी किसी भी प्रदेश के वास्तविक परिवर्तनकर्ता होते हैं और युवाओं की ऊर्जा समाज को नई दिशा दे सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास व स्टार्टअप्स के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम में कॉलेज स्टाफ, छात्र-छात्राएं, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जीत राम, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रवि कुमार, पूर्व यूथ अध्यक्ष जगजीत (जग्गू), विवेक पधेरिया सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।