कांगड़ा। डीएवी कॉलेज कांगड़ा में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी के बीच नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ता भी हस्तक्षेप करने पहुंच गए। दोनों छात्र संगठनों ने आमने-सामने नारेबाजी कर रोष जताया। मामला बढ़ता देख इस बीच कांगड़ा पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। डीएसपी अंकित शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कॉलेज में पहुंची। उन्होंने बताया कि दोनों छात्र संगठनों को समझा-बुझा कर मामला शांत करवा दिया गया है।
आउटसाइरों ने किया हल्ला
काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. बलजीत सिंह पटियाल ने बताया कि कुछ आउटसाइडर आए थे और गेट के बाहर नारेबाजी करने लगे। इसे लेकर पुलिस को सूचित कर दिया था। पुलिस इस मामले को देख रही है।
एनएसयूआई के आरोप, माहौल खराब कर रही परिषद
एनएसयूआई का आरोप है कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता परीक्षाओं के दिनों में माहौल खराब कर रहे हैं। काॅलेज के भीतर अभी भी परीक्षाएं चल रही हैं। बाहरी लोगों को लाकर कालेज का माहौल खराब किया जा रहा है।
विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी बोले-अभद्र व्यवहार किया
विद्यार्थी परिषद कांगड़ा के विभाग संयोजक अभिनव चौधरी ने आरोप लगाया कि विद्यार्थी परिषद विभिन्न माध्यमों से देश के सभी शैक्षणिक संस्थानों के परिसरों में सक्रिय है। सोमवार को जब विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता परिसर में उपस्थित थे, तो उस समय कॉलेज प्रशासन ने अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल से ही जिहादी और देश को तोड़ने वाले विचारधारा से लड़ रही है और उनके खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती रही है। सोमवार को जब विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता महाविद्यालय में भारत माता का जयघोष कर रहे थे तो उन्हें रोकने का प्रयास किया गया और उनसे अभद्र व्यवहार किया गया। अभिनव चौधरी ने आरोप लगाया कि परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। परिषद के कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जाता रहा तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी।