धर्मशाला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को केंद्रीय विश्वविद्यालय के धर्मशाला परिसर में मूक प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार व विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष प्रमुख मांगों को रखा।
विद्यार्थी परिषद ने उच्च शिक्षा में सुधार, शिक्षण संस्थानों की समस्याओं और छात्रों के अधिकारों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। विद्यार्थी परिषद के विभाग सह संयोजक जितेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में छात्र संघ चुनाव बहाल करने, शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक भर्तियों की प्रक्रिया शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण करने, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के साथ राजनीति बंद करना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रभावी रूप से लागू करना, अतिथि शिक्षक भर्ती से संबंधित निर्णय को वापस लेना, कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की शीघ्र नियुक्ति करना, प्रदेश सरकार शिक्षण संस्थानों की तालाबंदी बंद करना और महाविद्यालयों के मूलभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की मांग रखी। इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद प्रदेश भर में व्यापक आंदोलन करेगी।