इन्दौरा में बारिश से खेतों में बिछी गेहूं की फसल। जागरूक पाठक
धर्मशाला। कांगड़ा जिले में बुधवार को तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का क्रम जारी रहा। वहीं, ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात भी हुआ है। इससे जिलेभर में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। तेज हवाओं के कारण गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। कई जगह गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जिले में आगामी दिनों के लिए मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 मार्च तक जिले में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, 21 मार्च को भी गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
प्राधिकरण के मुताबिक कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा और बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे कई तरह के खतरे बढ़ सकते हैं। इनमें आकाशीय बिजली गिरने, भूस्खलन, निचले इलाकों में जलभराव, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण फिसलन और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका शामिल है।
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर ट्रैकिंग और ऊंचाई वाले संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने को कहा गया है। इसके अलावा पेड़ों, बिजली के खंभों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में लोग 7650991077 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा आपातकालीन दूरभाष नंबर 01892-229050 और 51, 52, 53 एवं 1077 भी जारी किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।