बठरा में आयोजित मेले में विजेता तथा उपविजेता पहलवानों को सम्मानित करते हुए दंगल कमेटी के सदस्य।
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। निकटवर्ती गांव बठरा में आयोजित प्रतिष्ठित लखदाता पीर दंगल का समापन हो गया। इसमें हरियाणा के पहलवान सोमवीर ने बड़ी माली का खिताब अपने नाम कर लिया। दंगल के अंतिम और सबसे रोमांचक मुकाबले में सोमवीर हरियाणा ने ज्वाली के कृष्ण पहलवान को पराजित कर सर्वोच्च विजय प्राप्त की। दंगल कमेटी ने इस शानदार जीत के लिए विजेता पहलवान सोमवीर को 12 हजार रुपये की नकद राशि और एक स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उपविजेता रहे कृष्ण पहलवान को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नौ हजार रुपये नकद और स्मृति चिह्न भेंट किया गया। बड़ी माली के फाइनल मुकाबले से पहले दो कड़े सेमीफाइनल करवाए गए। प्रथम सेमीफाइनल में सोमवीर हरियाणा ने अमृतसर के शेरा पहलवान को चित कर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित की। द्वितीय सेमीफाइनल में जवाली के कृष्ण ने राजा का तालाब के शिवा पहलवान को पराजित किया। छोटी माली का खिताब राजा का तालाब के कर्ण पहलवान ने जीता। इसमें बड़ूखर के राहुल पहलवान को हराया। छोटी माली के विजेता कर्ण को 3,100 रुपये जबकि उपविजेता राहुल को 2,100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। दंगल कमेटी की ओर से स्थानीय पंचायत से पधारे मुख्य अतिथि पुरुषोत्तम दास और चिंतपूर्णी के कशिश महंत को शाॅल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। दोनों मुख्य अतिथियों ने कमेटी को क्रमशः 11-11 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया।