विधायक सुधीर शर्मा की ओर से फेसबुक पर डाली गई पोस्ट। स्त्रोत : इंटरनेट
धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला का नया कारनामा सामने आया है, जिसमें ठेकेदार की ओर से वार्ड नंबर 12 बड़ोल नें नाले के ऊपर लंबी पुलिया बनाई गई है। मगर पुलिया पर कई जगह खाली जगह छोड़ दी गई है, जिससे आने जाने वाले लोगों और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एंगल रखने के लिए छोड़ी गई खाली जगह को खुला छोड़ा है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है।
रात के समय कोई भी व्यक्ति इनमें गिर कर चोटिल हो सकता है। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने इस कारनामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। विधायक ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है कि यह रास्ता स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अंतर्गत धर्मशाला नगर निगम के वार्ड नंबर 12 बड़ोल में बना है। मेरी मति मारी गई थी जो ऐसे लोगों के हाथ यह प्रोजेक्ट चला गया।
बंदर के हाथ में नारियल, बंदरिया के हाथ में झुनझुना। विधायक की इस पोस्ट पर कई लोगों ने नगर निगम और स्मार्ट सिटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि छोटे स्कूली बच्चे इस रास्ते पर बच-बच कर निकल रहे हैं। उधर, स्मार्ट सिटी धर्मशाला के एजीएम विशाल ने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी। साथ ही पता लगाया जाएगा कि कार्य पूरा क्यों नहीं हुआ है।