अभिभावक बोले, स्कूल में अपनी बेटियों को दाखिल करवाकर समझते थे सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
जवाली (कांगड़ा)। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जवाली को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जवाली में मर्ज करने पर लोगों ने कड़ा विरोध जताया है। लोगों ने स्कूल गेट पर खड़े होकर जमकर नारेबाजी की। सीमा देवी, रविंद्र कपिला, समिता देवी, सरोज कुमारी, सिमरन महाजन, सीता देवी, गोल्डी कुमार, विपन कुमार सोनिका देवी, ममता, सीमा देवी, मोनिका देवी, गोदावरी देवी, दिनेश कुमार, शिवा, रामपाल आदि स्थानीय निवासियों ने कहा कि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जवाली ही बाजार के लिए एकमात्र रौनक का जरिया था, जिसको भी मर्ज कर दिया गया। अब तो जवाली बाजार का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा।
लोगों ने कहा कि यह सरकार का कैसा व्यवस्था परिवर्तन है। अभिभावकों ने कहा कि हम इस स्कूल में अपनी बेटियों को दाखिल करवाकर सुरक्षित समझते थे लेकिन अब हमारी बेटियों को लड़कों के साथ पढ़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में स्कूल को मर्ज नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय के बाद छात्राएं परीक्षा की तैयारी नहीं कर पा रही हैं और मानसिक दबाव में हैं।
उन्होंने कहा कि जवाली का स्कूल सीबीएसई हो चुका है और कन्या स्कूल के बच्चे एचपी बोर्ड में ही पढ़ना चाहते हैं। अभिभावकों ने कहा कि इस स्कूल को मर्ज करने के बजाय हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधीन ही रहने दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार इस प्रकार के निर्णय न ले और इस संदर्भ में एसडीएम जवाली के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को ज्ञापन भेजा जाएगा।