ज्वालामुखी के सलियार में टीबी जांच शिविर में मरीजों की जांच करते हुए टीम। स्त्रोत:विभाग
धर्मशाला। स्वास्थ्य विभाग की ओर से खंड ज्वालामुखी के तहत सलिहार में मंगलवार को टीबी जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने पोर्टेबल एक्सरे मशीन से 80 लोगों की टीबी जांच की। इस दौरान छह लोगों में टीबी के लक्षण पाए गए। अब इन लोगों की टीबी की पुष्टि के लिए आगामी टेस्ट किए जाएंगे। अगर किसी में टीबी की पुष्टि होती है तो उसका इलाज शुरू किया जाएगा।
इसके अलावा नगरोटा बगवां खंड के तहत धलूं में भी टीबी जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान टोंग लेन संस्था की ओर से 133 लोगों के एक्सरे किए गए, जिसमें से तीन लोगों में टीबी के लक्षण मिले हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश सूद ने कहा कि 100 दिवसीय टीबी अभियान के तहत जोखिमपूर्ण आबादी वाले लोगों की टीबी जांच की जा रही है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जगह-जगह टीबी जांच शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही लोगों को टीबी के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। संवाद