प्राकृतिक शिव मंदिर त्रिलोकपुर में शिवलिंग के पास स्थापित चोरी हुई चांदी की पतरी वाला स्थान
कोटला (कांगड़ा)। पुलिस चौकी कोटला के तहत त्रिलोकपुर स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर में बुधवार देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। चोर मंदिर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और भगवान शिव की प्रतिमा के तल पर लगी चांदी की पतरी उखाड़ ली। इसके अलावा शिवलिंग पर स्थापित चांदी के नाग, छत्र और अन्य सामान को भी चुरा लिया। दानपात्र का ताला तोड़कर रखी नकदी भी साथ ले गए। घटना के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल है।
मंदिर के पुजारी राजेंद्र गोस्वामी के पुत्र चेतन ने बताया कि वीरवार सुबह करीब पांच बजे जब वह नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर चोरी की वारदात का पता चला। इसके बाद उन्होंने मंदिर प्रबंधन और पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंच गए। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों में इस प्रकार की घटनाएं चिंता का विषय हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।
सूचना मिलने पर पुलिस चौकी कोटला की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरा फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस को जल्द आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। -धर्म चंद वर्मा, एएसपी, नूरपुर