धर्मशाला। जिला मुख्यालय के डिपो बाजार और शीला में दुकानों के ताले तोड़ने के आरोप में धर्मशाला पुलिस थाना की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राजेश कुमार निवासी कोशमंदा, तहसील जंजगीर चंपा, छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी ने पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में डिपो बाजार और शीला में दुकानों के ताले तोड़ने की बात कबूल की है। साथ ही आरोपी से डिपो बाजार में दुकान से चोरी दो हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक चार नवंबर की रात को शीला में छह दुकानों के ताले टूटे थे। तीन दिन पहले डिपो बाजार स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। इसी तरह धर्मशाला के आसपास के क्षेत्रों में भी दुकानों के ताले टूटने के मामले सामने आए थे। हाल ही में डिपो बाजार में हुई चोरी की घटना के दौरान सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कैद हो गया था। इसके बाद पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर पुलिस ने छत्तीसगढ़ निवासी राजेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सरिये का इस्तेमाल कर दुकानों के ताले तोड़ता था। धर्मशाला के एसएचओ संजय कुमार ने बताया कि डिपो बाजार, शीला और अन्य स्थानों में दुकानों के ताले तोड़ने के मामले में छत्तीसगढ़ निवासी राजेश कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल किया है। आरोपी से अन्य चोरियों के मामलों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।