गगल (कांगड़ा)। एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल ने कहा कि इस बार गगल के मुख्य बाजार में कोई भी दुकानदार पटाखे नहीं बेचेगा। उन्होंने बताया कि स्वच्छता और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने गगल बाजार के साथ महादेव मंदिर मैदान में पटाखे बेचने के लिए स्थान चिह्नित किया है। एसडीएम ने बताया कि उन्होंने पुलिस को भी बाजार में पटाखे बेचने पर दुकानदार पर कार्रवाई करने के लिए कहा है।
दुकानदारों को भी इसमें प्रशासन का सहयोग करना होगा। अगर कोई अनहोनी घटना होती है तो उसके लिए दुकानदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गगल बाजार के साथ चिह्नित स्थान पर ही पटाखे बेचने के लिए अस्थायी दुकान लगानी होगी। उन्होंने कहा कि कुछ दुकानदार अपनी दुकानों के आगे सड़क पर पटाखे बेचने के लिए अस्थायी दुकान सजाते हैं। उन्हें भी महादेव मैदान में पटाखे बेचने के लिए अस्थायी दुकान लगानी होगी। संवाद