हरसर मेले में मेला कमेटी के सदस्यों के साथ बड़ी माली के पहलवान (फोटो : मेला कमेटी)
जवाली/बरियाल (कांगड़ा)। जवाली क्षेत्र के हरसर में बुधवार को आयोजित लखदाता छिंज मेले में प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे नामी पहलवानों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस दौरान मुख्यातिथि व्यवसायी अभिजीत जम्वाल ने विजेता पहलवानों को सम्मानित किया। बड़ी माली का मुकाबला शेरा गुर्जर पहलवान और भूपिंदर अजनाला पहलवान के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटकनी देने के लिए खूब जोर आजमाइश की लेकिन विजेता का फैसला पॉइंट आधार पर हुआ। इसमें शेरा ने भूपिंदर को मात दी। मुख्यातिथि ने विजेता पहलवान को 1.60 लाख रुपये और गुर्ज व उपविजेता को 1.40 लाख रुपये का नाम देकर सम्मानित किया। इसके अलावा तीन कुश्तियां डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की हुईं। मुख्यातिथि ने कहा कि मेले हमारी धरोहर हैं जिनसे आपसी भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने मेला कमेटी को 31 हजार रुपये की राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी गई। इस मौके पर मेला कमेटी अध्यक्ष ध्यान सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद