मैक्लोडगंज। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में अगर कोई नशीले पदार्थों को बेचता है तो उसकी जानकारी पुलिस को दें। यह बात होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल, टैक्सी और ऑटो यूनियन, तिब्बती महिला कल्याण संघ, तिब्बती सेटलमेंट अधिकारी और एडवेंचर टूअर ऑपरेटरों के साथ बैठक में एएसपी हितेश लखनपाल ने कही। इस दौरान मैक्लोडगंज थाना प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में नशीली दवाओं और विषाक्त उत्पादों के बढ़ते उपयोग को रोकना था। एएसपी कांगड़ा हितेश लखनपाल ने कहा कि हितधारकों से इनसे निपटने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए।
नशीले पदार्थों में सम्मिलित होने वाले दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लखनपाल ने उनके साथ अपना संपर्क नंबर साझा किया और उन्हें जानकारी देने की अपील की। एएसपी ने जनता से अपील की कि नशाखोरी को रोकने के लिए पुलिस का सहयोग करें। नशा की रोकथाम के लिए इन लोगों ने हर प्रकार से पुलिस की मदद करने को कहा। उन्होंने कहा कि जल्द ही सरकारी स्कूलों में छठी में से लेकर नौवीं कक्षा के बच्चों को नशे के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक में नगर निगम धर्मशाला के पूर्व मेयर ओंकार नैहरिया, व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र पठानिया, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल धीमान, संजीव गांधी, अजीत नैहरिया, अशोक शर्मा और पार्षद मोनिका पठानिया सहित अन्य मौजूद रहे।