इस बार चामुंडा माता मंदिर में नवरात्र पर कम पहुंचे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
चामुंडा (कांगड़ा)। श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में शारदीय नवरात्र का वीरवार को पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल और नगरोटा बगवां के एसडीएम मनीष शर्मा ने यजमानों सहित यज्ञशाला में ठीक 12 बजे पूर्णाहुति डालकर शारदीय नवरात्रों का समापन किया ।
मंदिर अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि बीती रात मां चामुंडा को 108 प्रकार के देसी घी के व्यंजनों का भोग लगाया गया और मां का पुराना सिंदूर उठाकर नया सिंदूर अर्पित किया गया। इस दौरान मां चामुंडा का नशीत पूजन किया। वहीं, कुछ लोगों ने अष्टमी और नवमी के दिन कन्या पूजन कर अपने नवरात्रों का समापन किया वहीं अष्टमी और नवमी के दिन कुछ श्रद्धालुओं ने भंडारे का आयोजन किया।
इन नवरात्रों के दौरान शतचंडी गायत्री पाठ रामायण पाठ रुद्राभिषेक आदि के पाठ किए गए। उन्होंने यह भी बताया कि यह नवरात्र शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गए। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार 40 फीसदी श्रद्धालु ही मां चामुंडा के दरबार में पहुंचे। इनकी संख्या 50 से 60 हज़ार श्रद्धालु ही पहुंच पाई है। जब इस बाबत दुकानदारों से पूछा तो उन्होंने बताया कि पिछले साल की अपेक्षा कम संख्या में श्रद्धालु चामुंडा मंदिर पहुंचे हैं और कारोबार भी 30 से 40 फीसदी हुआ है ।