ज्वालामुखी मंदिर में लाइनो में लगे श्रद्धालु स्तोत्र संवाद
ज्वालामुखी/कांगड़ा/चामुंडा। रविवार की छुट्टी के चलते कांगड़ा के प्रसिद्ध मंदिरों में सुबह तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा दिन शक्तिपीठ जय माता दी के जयकारों से गूंजते रहे। दोपहर के समय मौसम साफ होने पर धूप खिली। इस दौरान तीन प्रमुख शक्तिपीठों में 24 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
इनमें ज्वालामुखी में 18,000, कांगड़ा के बज्रेश्वरी मंदिर में 1500 और श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में 4500 श्रद्धालु शामिल रहे। शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में श्रावण अष्टमी मेलों के संपन्न होने के बाद अब भीड़ अपेक्षाकृत कम हो गई है। नवरात्र के दौरान अब तक मंदिर में करीब 52 लाख रुपये का चढ़ावा अर्पित किया जा चुका है।
सुबह भारी बारिश के बीच श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रुकना पड़ा। बारिश थमने पर दोपहर बाद कतारबद्ध होकर लोगों ने माता के दर्शन किए। ज्वालामुखी मंदिर के पुजारी अविनेंद्र शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं को सुचारू दर्शन करवाने के लिए माकूल व्यवस्थाएं की गई हैं।
वहीं, श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में श्रावण अष्टमी नवरात्र शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। यहां देश-प्रदेश, विशेषकर पंजाब से काफी श्रद्धालु पहुंचे। इस बार मुख्य चामुंडा मंदिर के साथ-साथ श्रद्धालुओं ने हिमानी चामुंडा का भी बड़ी संख्या में रुख किया।