धर्मशाला। नगर निगम के वार्ड नौ सकोह में बने फीकल स्लज एंड सेप्टेज मैनेजमेंट प्लांट(सीवेज प्लांट) के अप्रोच रोड का टेंडर लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद होगा। इस पर जलशाक्ति विभाग की ओर से करीब एक करोड़ की राशि खर्च की जाएगी।
इस अप्रोच रोड के बनने के बाद ही फीकल स्लज एंड सेप्टेज मैनेजमेंट प्लांट को शुरू किया जाएगा। विभाग ने इसके अप्रोच रोड़ के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं, आचार संहिता समाप्त होते ही इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नगर निगम धर्मशाला के मर्ज एरिया के लोगों को अप्रैल में अपने घरों के सेप्टिक टैंक खाली करवाने की सुविधा मिलना शुरू हो जानी थी। सकोह में फीकल स्लज एंड सेप्टेज मैनेजमेंट प्लांट का निर्माण कार्य तो पूरा हो गया है, लेकिन मुख्य सड़क से प्लांट को जाना वाला अप्रोच रोड़ इसको शुरू करने में बाधा बना है।
अप्रोच रोड का काम पूरा न होने के चलते यहां पर गाड़ियों को प्लांट तक नहीं पहुंचाया जा सकता है। ऐसे में लोगों को जब तक अप्रोच रोड नहीं बनता है तो सेप्टिक टैंक खाली करवाने की सुविधा नहीं मिल पाएगी।