करोना के चलते विवाह शादियों में पुलिस निरीक्षण करते हुए।
- फोटो : Kangra
धर्मशाला। जिला पुलिस ने शादी समारोहों के दौरान कोविड-19 के बढ़ते मामलों को लेकर जारी गाइडलाइन का पालन न करने वाले लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जिले में पुलिस ने मंगलवार रात को विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण कर अवहेलना करने पर चालान कर 35 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला है। इनमें से एक चालान शादी समारोह में कैटरिंग का कार्य करने वाले व्यक्तियों का कोरोना टेस्ट न होने के कारण हुआ है, जबकि अन्य चालान और जुर्माने 50 से अधिक लोगों की उपस्थिति पर किए गए हैं। इसकी पुष्टि एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने की। उन्होंने बताया कि शादी समारोह में कोविड-19 को लेकर लापरवाह हुए लोगों को सबक सिखाने के लिए पुलिस विभाग जगह-जगह निरीक्षण कर रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार रात को किए गए निरीक्षण के दौरान सात स्थानों पर अनियमितताएं पाए जाने पर चालान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान चार चालान इंदौरा के तहत हुए हैं, जबकि गगल और पालमपुर में भी पुलिस विभाग ने चालान किया है। इसके अलावा उपमंडल पालमपुर में एक चालान कैटरिंग का कार्य करने वाले स्टाफ के कोरोना टेस्ट न होने के कारण किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस का यह अभियान में आगे भी जारी रहेगा।