पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर उपमंडल के गांव लटवाला में एक वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव नियाड़ गांव के पास न्यूगल खड्ड के साथ पेड़ के साथ फंदे से लटकता मिला है। महिला मंगलवार सुबह अपने घर से लापता हो गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार उपमंडल पालमपुर के गांव लटवाला में एक महिला की संदिग्ध में मौत हो गई है। महिला का शव नियाड गांव के पास न्यूगल खड्ड के किनारे पेड़ से लटकता मिला है। मृतक महिला मंगलवार को सुबह अपने घर से लापता थी। इस पर परिजनों ने पहले सोचा कि महिला गांव में किसी के घर गई होगी। काफी देर तक महिला के घर न लौटने पर परिजनों ने महिला की तलाश शुरू कर दी, लेकिन महिला का रात तक कोई पता नहीं चला। बुधवार सुबह होते ही परिजनों ने फिर से महिला की तलाश शुरू कर दी। इस पर नियाड गांव के पास न्यूगल खड्ड के साथ महिला जमुना देवी (65) निवासी लटवाला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता मिला। जिसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर आकर सारी जांच कर मृतक महिला का शव अपने कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के बाद महिला का दाह संस्कार कर दिया है, जबकि महिला के पति की तीन माह पहले ही मौत हुई है। उधर, डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने कहा कि एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।