ज्वालामुखी (कांगड़ा)। उपमंडल ज्वालामुखी और आसपास के क्षेत्र में पिछले छह दिन से सर्वर डाउन होने की वजह से सरकारी डिपुओं में राशन का वितरण नहीं हो पा रहा है। इससे न केवल डिपो होल्डर परेशान हैं बल्कि यहां राशन लेने आने वाले उपभोक्ताओं को भी काफी दिक्कत हो रहीं हैं।
रविवार छुट्टी वाले दिन सरकारी कर्मचारी राशन लेने आते हैं परंतु सर्वर डाउन होने की वजह से उन्हें भी निराशा हाथ लगी है। इस बीच सैकड़ों लोग अपने घरों से सरकारी डिपो की ओर जा रहे हैं। परंतु खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। डिपो होल्डर अपनी मजबूरी बता रहे हैं कि मशीन में अंगूठा लगाए बिना वे राशन नहीं दे सकते। संदीप, राजू, अनु, विनय, मुकेश, पंकज, शिव, राजू, विशाल, सतपाल, रिंका, अंकुश और विवेक ने विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि यदि सर्वर डाउन रहता है तो पहले की तरह ऑफलाइन ही राशन का वितरण करवा दिया जाए। क्योंकि महीने की आखिरी दिन चले हुए हैं और महीने के अंत के बाद जिन लोगों को राशन नहीं मिला है, उनका राशन खत्म हो जाएगा।
इसलिए विभाग ऑफलाइन राशन का वितरण करने के लिए डिपो होल्डर को निर्देश जारी करे। डिपो होल्डर ने बताया कि लोग राशन लेने के लिए आ रहे हैं और गुस्सा हो रहे हैं, लोगों में नाराजगी देखी जा रही है, इसलिए सरकार और प्रशासन इस और ध्यान दें ताकि लोगों को समय अनुसार राशन का वितरण किया जा सके।