हमीरपुर। बच्चों की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही सामने आई है। मंगलवार को आरटीओ के निरीक्षण में स्कूल बसों के फर्स्ट एड बॉक्स में एक्सपायर दवाइयां मिली हैं।
निरीक्षण के दौरान बसों में सीसीटीवी कैमरे भी नदारद मिले हैं। वहीं, कई स्कूली बसों में अग्निश्मन उपकरण खराब थे, जबकि कुछ में यह उपकरण नहीं थे। गंभीर अनियमिताओं पर करीब 35 स्कूल बसों के चालान किए गए।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) और उनकी टीम ने 11 मई से 16 मई तक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान भोटा, अघार, धमरोल, सुजानपुर सहित अन्य क्षेत्रों में आरटीओ और उनकी टीम ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की।
एक सप्ताह चले अभियान के दौरान करीब 74 वाहनों के चालान कर तीन लाख रुपये जुर्माना किया गया। इनमें से अधिकतर स्कूल बसें शामिल हैं। कई स्कूल बसों में परिचालक और महिला अटेंडेंट नहीं हैं। इसके अलावा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग नहीं करने, ओवरस्पीड सहित अन्य अनियमिताओं पर भी चालान हुए।
हालांकि, अब तक करीब 19 हजार जुर्माना अदा कर दिया गया है। परिवहन विभाग के मुताबिक बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
वहीं, विभाग ने सभी स्कूल संचालकों और वाहन चालकों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कोट
सप्ताह भर के विशेष अभियान के दौरान 74 वाहनों के चालान किए गए हैं। संबंधित वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। आगे भी इस तरह की कार्रवाई की जाएगी।
-राजीव ठाकुर, आरटीओ हमीरपुर