सात अप्रैल 2013 को खेत में बाड़ लगाने को लेकर हुआ था विवाद
अदालत ने आरोपी को 30 दिन में आत्म समर्पण करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। खेत में बाड़ लगाने को लेकर चचेरे भाई से मारपीट कर उसका हाथ तोड़ने के मामले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पालमपुर धीरू ठाकुर की अदालत ने आरोपी की अपील आंशिक रूप से स्वीकार कर ली। अदालत ने दो धाराओं में दोषसिद्धि रद्द कर दी, जबकि मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने की सजा बरकरार रखी है।
मामले के अनुसार, सात अप्रैल 2013 को पालमपुर तहसील के एक क्षेत्र में शिकायतकर्ता अपने खेत में बाड़ लगा रहा था। इसी दौरान उसका चचेरा भाई वहां पहुंचा और उसे काम करने से रोकने लगा। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उसका हाथ मरोड़ दिया, जिससे उसकी हड्डी टूट गई। घटना के समय शिकायतकर्ता की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी।
निचली अदालत ने 26 जून 2018 को आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 323 के तहत एक माह और धारा 325 के तहत तीन माह के साधारण कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा एक हजार रुपये जुर्माना लगाया था। वहीं, धारा 341 और 504 के तहत 15-15 दिन की कैद भी सुनाई गई थी।
अपील पर सुनवाई के दौरान अतिरिक्त सत्र न्यायालय ने पाया कि पीड़ित और उसकी पत्नी के बयान तथा चिकित्सकीय साक्ष्य मारपीट और हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि करते हैं। हालांकि, गलत तरीके से रोकने और शांति भंग करने के लिए उकसाने के आरोप पर्याप्त साक्ष्यों के अभाव में साबित नहीं हुए। इस आधार पर अदालत ने धारा 341 और 504 के तहत दोषसिद्धि व सजा रद्द कर दी, जबकि धारा 323 और 325 के तहत सजा बरकरार रखी।
अदालत ने एक हजार रुपये जुर्माने की राशि पीड़ित को देने का निर्देश दिया है। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को नियमानुसार पीड़ित को अतिरिक्त मुआवजा देने पर विचार करने की सिफारिश की है। आरोपी को निर्देश दिए गए हैं कि आगे अपील नहीं करने की स्थिति में वह 30 दिन के भीतर निचली अदालत में आत्मसमर्पण करे।