जसूर (कांगड़ा)। नूरपुर क्षेत्र में बिना डॉक्टर की सलाह पर एमटीपी किट लेकर गर्भपात करने के बढ़ते मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग सख्त हो गया है। ड्रग इंस्पेक्टर प्यार चंद ठाकुर ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि बिना पंजीकृत मेडिकल प्रैक्टिशनर की पर्ची के एमटीपी किट की बिक्री बिल्कुल न की जाए।
हाल ही में क्षेत्र में कई महिलाओं द्वारा स्वयं एमटीपी किट लेकर गर्भपात करने के बाद उनकी स्थिति गंभीर हो गई। कुछ मामलों में मौत तक की जानकारी सामने आई है। इन चिंताजनक घटनाओं को देखते हुए ड्रग इंस्पेक्टर मुख्यालय नूरपुर ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक एक्ट, 1940 की धारा 22(डी) के तहत सभी कैमिस्टों को आदेश जारी किए हैं।
इसमें प्रत्येक एमटीपी किट की बिक्री का रिकॉर्ड सुरक्षित रखना भी अनिवार्य किया गया है। प्यार चंद ठाकुर ने चेतावनी दी कि बिना प्रिस्क्रिप्शन एमटीपी किट बेचने पर धारा 18(बी) और 18(ए)(vi) के तहत कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने महिलाओं से भी अपील की कि ऐसी दवाओं का प्रयोग डॉक्टर की सलाह के बिना न करें और दवा लेने पर बिल लेना सुनिश्चित करें।