धर्मशाला। राष्ट्रीय युवा उत्सव-2027 में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का मौका पाने के लिए कांगड़ा जिले के युवा 14 नवंबर को प्रतिभा दिखाएंगे। इसके लिए अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय स्नातक महाविद्यालय तकीपुर में सुबह नौ बजे से जिला स्तरीय युवा उत्सव एवं चयन प्रतियोगिताएं होंगी।
जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी रवि शंकर ने बताया कि जिले में पांच विधाओं में मुकाबले होंगे। इनमें नुक्कड़ नाटक, चित्रकारी, लोक नृत्य, लोक गायन और कविता शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे।
जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर के विजेता राष्ट्रीय युवा उत्सव-2027 में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतिभागियों को शैक्षणिक और आयु प्रमाण पत्रों के मूल दस्तावेज, सत्यापित छायाप्रतियां, उपलब्धियों के प्रमाण पत्र तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। इस प्रतियोगिता के लिए कोई यात्रा या दैनिक भत्ता देय नहीं होगा। ब्यूरो