कांगड़ा में सीवरमैनाें को सुरक्षा किट भेंट करते नगर परिषद के अधिकारी और अन्य। -स्रोत : आयोजक
कांगड़ा। सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को नगर परिषद कांगड़ा प्रांगण में राष्ट्रीय यंत्रीकृत स्वच्छता पारिस्थितिकी तंत्र (नमस्ते) योजना के तहत एक जागरूकता और वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीवरमैनों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की किटें वितरित की गईं। इन किटों में हेलमेट, दस्ताने, जूते समेत अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण शामिल थे, जिससे सीवर और सेप्टिक टैंकों जैसे खतरनाक स्थानों की सफाई के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी रणवीर वर्मा ने बताया कि नमस्ते योजना का उद्देश्य सिर्फ उपकरण देना नहीं, बल्कि सफाई कर्मचारियों को गरिमा और सुरक्षित कार्य वातावरण प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान पार्षद अशोक शर्मा व नगर परिषद के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।