पालमपुर (कांगड़ा)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2025 सत्र में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों को बड़ी राहत दी है। विश्वविद्यालय ने नए और पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि को बढ़ाकर अब 31 जुलाई 2025 कर दिया है। शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय, पालमपुर स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. दीप कुमार ने बताया कि यह तिथि विस्तार उन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी है, जो किसी कारणवश पूर्व निर्धारित समय-सीमा तक ऑनलाइन आवेदन या पुनः पंजीकरण नहीं कर सके थे। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का यह निर्णय छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। प्रवेश से संबंधित सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन पोर्टल https://ignouadmission.samarth.edu.in के माध्यम से की जा रही हैं।