पालमपुर (कांगड़ा)। प्रदेश के चार पर्यटन निगम के होटलों को गोल्फ कार्ट की सुविधा प्रदान की गई है। पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने शनिवार को पालमपुर स्थित टूरिज्म होटल से गोल्फ कार्ट को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक पर्यटन राजीव कुमार सहित निगम के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। बाली ने खज्जियार, चायल और कसौली स्थित पर्यटन निगम के होटलों के लिए भी गोल्फ कार्ट की सुविधा प्रदान की, जिनका शुभारंभ उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। पर्यटन निगम के होटलों में गोल्फ कार्ट की सुविधा उपलब्ध होने से यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। इसके साथ ही पर्यटन निगम के होटल पहले से अधिक आकर्षक बनेंगे। बाली ने कहा कि वर्तमान में कई निजी होटलों में इस तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में पर्यटन निगम के होटलों में गोल्फ कार्ट की शुरुआत पर्यटकों को आकर्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। चायल पर्यटन होटल को दो गोल्फ कार्ट, जबकि पालमपुर, कसौली और खज्जियार के पर्यटन होटलों को एक-एक गोल्फ कार्ट प्रदान की गई है। इन गोल्फ कार्ट की कुल लागत लगभग 48 लाख रुपये है। संवाद