जवाली (कांगड़ा)। स्थानीय पुलिस थाना के तहत हरसर में महिला-पुरुष को 1.20 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस और एक्साइज एक्ट के तहत 12 मामले दर्ज हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान हरसर बस स्टॉप स्थित वर्षाशालिका में पवन कुमार निवासी हरसर और राखी निवासी हाउस नंबर-11, वार्ड-1 सपेरा बस्ती, दोराहा लुधियाणा पंजाब मौजूद थे। मौके पर दोनों से पूछताछ करने और संदिग्ध गतिविधियां लगने पर तलाशी लेने पर उनसे यह चरस बरामद की गई। आरोपी पवन के खिलाफ इससे पहले भी पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट में एक और आबकारी अधिनियम के तहत 11 अभियोग पंजीकृत हैं। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच की जा रही है। संवाद